80वें स्वतंत्रता दिवस पर Palette by D1 द्वारा 50 कलाकारों की प्रदर्शनी का शुभारंभ: संदीप सुमहेन्द्र
जयपुर, 15 अगस्त 2026। भारत के 80वें स्वतंत्रता दिवस के पावन अवसर पर Palette by D1 कला दीर्घा में चित्रकला, फोटोग्राफी एवं मूर्तिकला की भव्य समूह कला प्रदर्शनी का शुभारंभ प्रसिद्ध वैदिक कलाकार श्री रामु रामदेव जी के कर-कमलों द्वारा किया गया। इस अवसर पर महंत रघुनाथ दास जी (वैष्णव राजाराम चंद्राचार्य जी) भी विशेष रूप से पधारे और उन्होंने कलाकारों एवं कला-प्रेमियों का उत्साहवर्धन किया।
देशभर से प्राप्त लगभग 400 प्रविष्टियों में से विशेष जूरी द्वारा चयनित 50 कलाकारों की कलाकृतियों को इस प्रदर्शनी में स्थान मिला है। चयन प्रक्रिया में कलाकारों की मौलिकता, रचनात्मकता, तकनीक, विषय-वस्तु और कलात्मक अभिव्यक्ति को विशेष महत्व दिया गया। प्रदर्शनी में चित्रकला के साथ फोटोग्राफी एवं मूर्तिकला की विविध शैलियों और समकालीन प्रयोगों को भी प्रदर्शित किया गया है।
उद्घाटन समारोह में Palette by D1 कला दीर्घा के संस्थापक श्री प्रणव चतुर्वेदी एवं श्री सुरजीत सिंह ने अपने विचार साझा करते हुए कहा कि देश के विभिन्न क्षेत्रों से उभरते एवं स्थापित कलाकारों को एक मंच प्रदान करना और उनकी कला को व्यापक दर्शकों तक पहुंचाना इस आयोजन का प्रमुख उद्देश्य है।
प्रदर्शनी की क्यूरेटर एवं आयोजक मोनिका देवी ने बताया कि इस आयोजन के माध्यम से कलाकारों को अपनी रचनात्मक प्रतिभा प्रदर्शित करने के साथ-साथ कला-प्रेमियों, कला संग्राहकों और कला जगत से जुड़े लोगों के साथ संवाद का अवसर प्रदान किया गया है। उन्होंने कहा कि देश के विभिन्न राज्यों से कलाकारों की सहभागिता ने प्रदर्शनी को विविधता और व्यापकता प्रदान की है।
मुख्य अतिथि श्री रामु रामदेव जी ने प्रदर्शनी में लगी कलाकृतियों का अवलोकन किया और स्वयं कलाकारों से संवाद भी किया। उन्होंने कलाकारों की रचनात्मकता की सराहना करते हुए उन्हें कला के क्षेत्र में निरंतर अध्ययन, अभ्यास और प्रयोग करने के लिए प्रेरित किया। उन्होंने कलाकारों को अपनी मौलिक कलात्मक पहचान विकसित करने, भारतीय कला एवं संस्कृति की समृद्ध परंपराओं को समकालीन दृष्टिकोण के साथ आगे बढ़ाने तथा अपनी कला को राष्ट्रीय एवं अंतरराष्ट्रीय मंचों तक पहुंचाने के लिए महत्वपूर्ण सुझाव भी दिए।
महंत रघुनाथ दास जी (वैष्णव राजाराम चंद्राचार्य जी) की गरिमामयी उपस्थिति ने समारोह को आध्यात्मिक एवं सांस्कृतिक गरिमा प्रदान की। उन्होंने कलाकारों की प्रतिभा की सराहना करते हुए कला को समाज, संस्कृति और मानवीय संवेदनाओं से जोड़ने की आवश्यकता पर बल दिया।
समारोह में उपस्थित कलाकारों, कला-प्रेमियों एवं अतिथियों ने इस पहल की सराहना की। स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर आयोजित यह प्रदर्शनी देश की विविध कलात्मक प्रतिभाओं को एक मंच पर लाने और कलाकारों को आगे बढ़ने के अवसर प्रदान करने की दिशा में एक महत्वपूर्ण पहल है।
Palette by D1 कला दीर्घा द्वारा आयोजित यह प्रदर्शनी कला, संस्कृति और रचनात्मक अभिव्यक्ति का सुंदर संगम प्रस्तुत करती है, जिसमें देशभर के चयनित कलाकारों की विविध कलाकृतियां दर्शकों के लिए आकर्षण का केंद्र बनी हुई हैं।
कला प्रेमियों एवं कला विद्यार्थियों के अवलोकनार्थ यह प्रदर्शनी 17 अगस्त, 2026 प्रातः 11 से सायं 5 बजे तक खुली रहेगी।
संदीप सुमहेन्द्र








Comments
Post a Comment